पर्यावरण को समर्पित एक संस्था

Updated: May 30, 2025
आज से लगभग दो दशक पहले समाज के प्रति संवेदनशील लोगों के एक ग्रुप में समाज में कुछ अच्छा करने के उदे्श्य से एक संस्था का निर्माण किया गया जिसका नाम है नेचर इंटरनेशनल। समाज के भिन्न-भिन्न विशेषतः पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने के लिए इस संस्था का निर्माण किया गया और आज दो दशक पूरे होने पर संस्था के पास अपने द्वारा किये गये कार्यों व उपलब्धियों की एक लम्बी लिस्ट है। इन दो दशकों में संस्था ने पर्यावरण के क्षेत्र में जहां लगभग 1200 से अधिक वृक्षारोपण किया, वहीं लगभग इतने ही वृक्षों को मरने से भी बचाया। संस्था द्वारा लगाए गए वृक्षों में मुख्यतः कोई सजावटी पौधे न होकर पीपल, बड़, पिलखन व नीम आदि के पेड़ हैं। दिल्ली व गुड़गांव के आस-पास के सरकारी स्कूलों के माध्यम से सरकारी पार्कों व बहुत से सरकारी भवनों में पेड़ों का रोपण किया है। इसके साथ-साथ पर्यावरण की बिगड़ती दशा के बारे में सरकार को समय -समय पर इससे संबंधित सौ से अधिक पत्र लिखे गये हैं। पर्यावरण के अलावा भू-जल संरक्षण और जोहड़ों के पुर्नत्थान के क्षेत्र में विशेष कार्य किये। गुड़गांव में जोहड़ों की दुर्दशा को माननीय उच्च न्यायालय के सामने रखकर उनके सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। दो अक्तूबर को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जो स्वच्छ भारत का अलख जगाया, उसमें भी नेचर इंटरनेशनल द्वारा बड़े पैमाने पर स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत के रूप में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया गया और शहर में इस संदेश को पहुंचाने के लिए लगभग 3000 बोर्ड लगाये गये, जो समाज के सभी वर्गों द्वारा बहुत ही सराहा गया। सूचना के अधिकार के तहत ग्रीन बेल्ट के पेड़ों की कटाई और उस पर पार्किंग न होने की लड़ाई संस्था द्वारा लम्बे अरसे से चल रही है। संस्था द्वारा भविष्य की योजनाओं में गुड़गांव के भू-जल की , जोहड़ों का जीर्णोद्धार, ग्रीन बेल्ट से अतिक्रमण हटाना व इस वर्ष बरसात के मौसम में लगभग 2000 पीपल के पेड़ों का रोपण करना है।




Comments